उत्तराखंड

गुरुद्वारा साहिब में सीएम धामी ने उठाई झाड़ू, बोले- स्वच्छता को आदत बनाएं

नानकमत्ता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत किया श्रमदान; बोले- धार्मिक स्थलों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक स्वच्छता के लिए जरूरी है जनभागीदारी

नानकमत्ता। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में झाड़ू उठाकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई करते हुए लोगों से स्वच्छता को किसी अभियान या विशेष दिन तक सीमित न रखने, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर उत्तराखंड के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी जरूरी है।

गुरुद्वारा परिसर में सफाई अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी नियमित स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के साथ स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वच्छता को स्थायी स्वरूप नहीं दिया जा सकता। हर व्यक्ति यदि अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाए तो स्वच्छता एक अभियान के बजाय जनआंदोलन का रूप ले सकती है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

धामी ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना और सेवा की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, जनप्रतिनिधि, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button