उत्तराखंड

राज्यसभा के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने कराया नामांकन

अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने दाखिल किया पर्चा; सीएम धामी समेत सांसद, मंत्री, विधायक और संगठन के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने जा रही सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन दो सेट में अपना पर्चा दाखिल कर दिया। विधानसभा परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय में नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के सांसद, मंत्री और विधायक मौजूद रहे। नामांकन के बहाने भाजपा ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में एकजुटता भी प्रदर्शित की।

मुख्यमंत्री धामी ने आर्य की उम्मीदवारी को पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता को सम्मान देने से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा हर वर्ग का ध्यान रखती है और राज्यसभा प्रत्याशी के चयन में भी इसका संदेश दिखाई देता है। उन्होंने कांग्रेस पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। आर्य लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और नैनीताल क्षेत्र में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

राज्यसभा की इस सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी, लेकिन निर्वाचन अधिकारी हेम पंत के अनुसार केवल भाजपा प्रत्याशी ने ही नामांकन दाखिल किया। ऐसे में अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पर नजर रहेगी। राज्यसभा की उत्तराखंड सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button