उत्तराखंड

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की मौतों में 63 प्रतिशत का उछाल

2025 में 182 यात्रियों ने गंवाई थी जान, इस वर्ष आंकड़ा 297 पहुंचा; स्वास्थ्य संबंधी मौतों में 81 प्रतिशत की वृद्धि

-एसडीसी फाउंडेशन के विश्लेषण में सामने आई चिंताजनक तस्वीर, केदारनाथ और बदरीनाथ में हालात अधिक गंभीर

देहरादून। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या और दर्शन के अवसर बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य सुरक्षा की चुनौती भी गंभीर होती जा रही है। वर्ष 2026 की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मौतों में पिछले वर्ष की तुलना में 63 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एसडीसी) फाउंडेशन के वर्ष 2025 और 2026 के तुलनात्मक विश्लेषण में यह चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में चारधाम यात्रा के दौरान 182 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 297 पहुंच गया। यानी एक वर्ष में 115 अधिक श्रद्धालुओं की जान गई।

सबसे अधिक चिंता स्वास्थ्य संबंधी कारणों से होने वाली मौतों में वृद्धि को लेकर है। वर्ष 2025 में स्वास्थ्य खराब होने के कारण 159 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 288 हो गई। इस तरह स्वास्थ्य संबंधी मौतों में 129 की वृद्धि यानी करीब 81 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। कुल मौतों में से अधिकांश मामले स्वास्थ्य संबंधी कारणों से जुड़े रहे।

एसडीसी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने इन आंकड़ों पर चिंता जताते हुए चारधाम यात्रा की स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा की आवश्यकता बताई है। उन्होंने विशेष रूप से केदारनाथ और बदरीनाथ में हुई मौतों को चिंताजनक बताया। उनके अनुसार, यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, नियमित स्वास्थ्य जांच, श्रद्धालुओं की निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करना जरूरी है। यात्रा प्रबंधन का लक्ष्य केवल अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन कराना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।

यात्रा के दिन बढ़े, दर्शन के अवसर भी मिले

वर्ष 2026 में चारधाम यात्रा की अवधि भी पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी। गंगोत्री में यात्रा 176 से बढ़कर 206 दिन, यमुनोत्री में 177 से 207 दिन और केदारनाथ में 175 से बढ़कर 204 दिन संचालित हुई। बदरीनाथ में यात्रा अवधि 206 से बढ़कर 208 दिन और हेमकुंड साहिब में 139 से 141 दिन रही।

86 से घटकर पांच रह गए यात्रा बाधित रहने वाले दिन

एसडीसी फाउंडेशन के विश्लेषण के अनुसार, वर्ष 2025 में पांचों तीर्थस्थलों पर कुल 86 शून्य-तीर्थयात्री दिवस दर्ज किए गए थे, जो 2026 में घटकर महज पांच रह गए। गंगोत्री में ऐसे दिन 35 से घटकर एक और यमुनोत्री में 38 से घटकर चार रह गए। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में इस वर्ष एक भी शून्य-तीर्थयात्री दिवस दर्ज नहीं हुआ। मौसम संबंधी व्यवधान कम होने से यात्रा अधिक दिनों तक संचालित हुई, लेकिन इसके साथ स्वास्थ्य संबंधी मौतों में हुई वृद्धि ने यात्रा प्रबंधन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button