पहाड़ों की सर्पीली सड़कों को मिलेगा बांस का सुरक्षा कवच, थमेगा भूक्षरण और हादसों का खतरा
चारधाम समेत राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे विकसित होगी बांस की हरित पट्टी, एनएचएआइ के सहयोग से बांस एवं रेशा विकास परिषद ने तैयार की योजना
– ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर पहले चरण में 100 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, भूस्खलन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में होगा रोपण
देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी राजमार्गों पर सफर को सुरक्षित बनाने के साथ ही भूक्षरण और भूस्खलन की चुनौती से निपटने के लिए अब बांस को सुरक्षा कवच के रूप में विकसित करने की तैयारी है। चारधाम समेत प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बांस की हरित पट्टी विकसित की जाएगी। इसके लिए उत्तराखंड बांस एवं रेशा विकास परिषद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाई है। प्रथम चरण में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 100 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यहां भूस्खलन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बांस का रोपण किया जाएगा।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ों की कटाई और प्राकृतिक ढलानों से छेड़छाड़ के कारण मिट्टी की पकड़ कमजोर हो जाती है। वर्षाकाल में बारिश के साथ मिट्टी और मलबा सड़क पर आने से यातायात बाधित होता है। कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। ऐसे में बांस रोपण को प्रकृति आधारित समाधान के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तराखंड बांस एवं रेशा विकास परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीनाक्षी जोशी के अनुसार बांस की जड़ें रेशेदार होती हैं, जो मिट्टी को मजबूती से पकड़ने में मदद करती हैं। इससे ढलानों पर मिट्टी का कटाव कम करने और भूमि को स्थिर बनाए रखने में सहायता मिल सकती है। खास बात यह है कि सड़क के तीखे मोड़ों और ढलानों के नीचे बांस का रोपण दुर्घटना की स्थिति में अतिरिक्त अवरोधक के रूप में भी काम कर सकता है। इससे अनियंत्रित वाहन सीधे गहरी खाई में जाने से बच सकते हैं और दुर्घटना की गंभीरता कम करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि एनएचएआइ ने ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर ऐसी 100 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है, जहां भूक्षरण की समस्या है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्गों समेत अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी बांस रोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है।
परिषद की योजना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यह प्रयोग सफल रहने के बाद इसे राज्य राजमार्गों और अन्य पर्वतीय सड़कों तक विस्तारित किया जाए। इससे एक ओर सड़क किनारे हरित पट्टी विकसित होगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी के कटाव पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण भी
बांस रोपण की यह पहल केवल सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से पर्वतीय ढलानों के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और चारधाम मार्गों को अधिक सुरक्षित बनाने का प्रयास है। हालांकि, बांस को क्रैश बैरियर का विकल्प मानने से पहले दुर्घटना सुरक्षा के तकनीकी मानकों और स्थल विशेष के अनुरूप इसकी प्रभावशीलता का आकलन भी जरूरी होगा।



