उत्तराखंडएक्सीडेंट

उत्तराखंड में सड़क हादसों ने मचाया कोहराम, 17 की मौत; 37 घायल

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस गूलर पुल के पास गदेरे में गिरी, नौ यात्रियों की गई जान; मुख्यमंत्री ने एम्स पहुंचकर जाना घायलों का हाल

ऋषिकेश। उत्तराखंड में मंगलवार को सड़क हादसों ने कहर बरपा दिया। गढ़वाल मंडल के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कुल 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए। सबसे भीषण दुर्घटना बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के समीप हुई, जहां हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरे गदेरे में जा गिरी। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब सवा तीन बजे 34 यात्रियों को लेकर बस हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद गूलर पुल के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गदेरे में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही ब्यासी एसडीआरएफ यूनिट, पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में कुछ यात्री बस से छिटककर बाहर जा गिरे, जबकि 26 यात्री बस के भीतर फंस गए। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर स्ट्रेचर के जरिये सड़क तक पहुंचाया।

घायलों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हादसे में जान गंवाने वालों में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्री भी शामिल हैं।

अन्य हादसों में भी गईं जानें

गढ़वाल के अन्य स्थानों पर भी सड़क दुर्घटनाओं में लोगों को जान गंवानी पड़ी। टिहरी के पावकी देवी क्षेत्र के बांसकटाल में सोमवार रात एक यूटिलिटी वाहन करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वीर सिंह (50) की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए। वहीं, बदरीनाथ हाईवे पर शिवपुरी के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने से आशीष (25) और प्रेम सिंह जखोड़ी (32) की मौत हो गई। दोनों टिहरी जिले की दोगी पट्टी के निवासी थे। टिहरी के बालगंगा क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से सुरेंद्र सिंह (35) की भी जान चली गई।

मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख की सहायता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर बस दुर्घटना में घायल यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक-एक लाख और अन्य घायलों को 40-40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button