युवाओं के कौशल विकास के लिए 200 करोड़ का प्रावधान, रोजगार देने वाले बनेंगे युवा
मुख्यमंत्री धामी बोले- जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाने पर सरकार का जोर; इंडिया स्किल प्रतियोगिता के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विजेताओं को किया सम्मानित

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार कौशल विकास पर विशेष जोर दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास के लिए सरकार ने 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है। इसके लिए कौशल प्रशिक्षण के साथ नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी विस्तार दिया जा रहा है।
सोमवार को आइआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित युवा कौशल महोत्सव में मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को उनकी प्रतिभा और दक्षता के अनुरूप स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
सानिया और पार्थ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकाया प्रदेश का नाम
मुख्यमंत्री ने चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के युवाओं के प्रदर्शन का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। दोनों की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और कौशल का प्रमाण है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवाओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए प्रेरित करेगी।
पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सरकारी सेवाओं में हुई नियुक्तियों का ब्योरा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन से अब तक करीब 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। इनमें पिछले पांच वर्षों के दौरान 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल नियुक्तियों का आंकड़ा नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, योग्यता और सरकार की स्पष्ट नीति एवं दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास सहित कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



