
हरिद्वार। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने जानलेवा हमला कर दिया। कनखल स्थित आईबी कार्यालय में शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद चालक विनोद ने तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया। गोली एसपी के माथे के पास से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी सीपी नौटियाल कनखल स्थित आईबी कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान उनके अस्थायी चालक विनोद से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से भी कुछ बातों को लेकर नाराजगी चल रही थी। शनिवार दोपहर विवाद बढ़ने पर चालक ने तमंचा निकालकर एसपी पर गोली चला दी। गोली उनके माथे के पास से छूकर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी मौके की ओर दौड़े।
एम्स ऋषिकेश रेफर
घटना के तुरंत बाद घायल एसपी को हरिद्वार के बंगाली अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसपी की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
मौके से गिरफ्तार हुआ चालक, तमंचा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक विनोद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपित का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित से पूछताछ की जा रही है, ताकि फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। अब जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अस्थायी चालक के पास तमंचा कहां से आया और वह इसे लेकर आईबी कार्यालय तक कैसे पहुंचा।


