अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्तराखंड के उत्पादों की पहचान बनाने पर जोर, धामी ने किया राज्य पवेलियन का शुभारंभ
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखंड दिवस समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों के स्टालों का किया निरीक्षण

नई दिल्ली। उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक शिल्पकला को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने जोर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में आयोजित उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग करते हुए कहा कि प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग और प्रभावी विपणन के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नई दिल्ली में उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने पवेलियन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प की जानकारी लेते हुए उत्पादकों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला केवल प्रदेश की पहचान ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पादों को बाजार से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का बेहतर मंच हैं। यहां कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के साथ नए बाजारों और कारोबार के अवसर तलाशने का मौका मिलता है। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में ‘वोकल फार लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार भी पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का प्रयास है कि बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और आधुनिक विपणन व्यवस्था के जरिये प्रदेश के उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों में जगह मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलने से कारीगरों, महिलाओं और युवाओं की आय बढ़ेगी। साथ ही स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापार मेले में उत्तराखंड की भागीदारी प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को नई ऊंचाई देने में सहायक होगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



