कुमाऊँ

उत्तराखंड में गहराता मानव-वन्यजीव संघर्ष: सल्ट क्षेत्र में बाघ ने नवविवाहिता को बनाया शिकार

रामनगर। उत्तराखंड में लगातार गहराते मानव-वन्यजीव संघर्ष के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। कार्बेट टाइगर रिजर्व से सटे रामनगर के सल्ट क्षेत्र में सोमवार सुबह बाघ ने 21 वर्षीय नवविवाहिता शालू को घर से कुछ कदम दूर हमला कर मार डाला। वह गोशाला से गोबर निकालकर पास के खेत में डालने गई थी। तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। बाघ उसे करीब दो किलोमीटर दूर मोहान के जंगल में घसीट ले गया।

महिला की चीख पुकार सुनकर परिवारजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाघ उसे जंगल की ओर ले जा चुका था। सूचना पर वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने तलाश अभियान चलाया। करीब दो घंटे बाद गांव से दो किलोमीटर दूर जंगल में शालू का शव बरामद हुआ। बाघ के हमले की घटना के बाद ग्रामीणों में  आक्रोश फैल गया। छह माह के भीतर क्षेत्र में बाघ के हमले में यह चौथी घटना है।

गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कई घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। उनका कहना था कि मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए विभाग स्थायी समाधान नहीं निकाल पा रहा है। महिलाओं ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल और खेतों में जाना उनकी मजबूरी है, लेकिन अब हर कदम पर बाघ का खतरा मंडरा रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत करने में सफलता पाई। सुरक्षा की दृष्ट से क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। कैमरा ट्रैप और पिंजरे भी लगाए जा रहे हैं, जबकि ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button