कुमाऊँ

लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में बिंदुखत्ता में बनेगा सांस्कृतिक सभागार

मुख्यमंत्री धामी ने लोकथात महोत्सव में की घोषणा, पैतृक गांव में विद्यालय और स्टेडियम बनाने का भी दिया भरोसा

बिंदुखत्ता (नैनीताल)। लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की विरासत को सहेजने के लिए बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने स्व. मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की भी बात कही।

जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, सामाजिक चेतना और मातृशक्ति के संघर्ष की झलक मिलती है।

धामी ने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से मेहरा ने बेटियों के सम्मान और जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ में जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा लगाव झलकता है। कलाकार की वास्तविक पहचान उसकी उस विरासत से होती है, जो उसके जाने के बाद भी समाज को प्रेरित करती रहे।

लोकसंस्कृति को सहेजना सामूहिक जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकथात जैसे आयोजन लोकभाषा, लोकगीत, संगीत और परंपराओं को बचाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उत्तराखंड की पहचान प्राकृतिक सुंदरता के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भी है। सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर काम कर रही है।

बिंदुखत्ता के विकास कार्य भी गिनाए

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये से पुल बनाया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये से पुल निर्माण शुरू हुआ है। बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये से बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग से जुड़ा है। इस संबंध में राज्य सरकार प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार से भी संवाद जारी है। मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा की।

कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डा. मोहन सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button