उत्तराखंड

भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का सख्त रुख, बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई से दिया संदेश

रिश्वतखोरी से आय से अधिक संपत्ति तक के मामलों में विजिलेंस की कार्रवाई तेज, 1064 ऐप से शिकायत करना हुआ आसान

देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार का दावा है कि कार्रवाई का दायरा निचले स्तर के कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए विजिलेंस को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की छूट दी गई है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में सतर्कता विभाग ने जांच और कार्रवाई तेज की है। ट्रैप कार्रवाई के जरिए रिश्वत लेते अधिकारियों और कर्मचारियों की गिरफ्तारी के साथ विभागीय कार्रवाई और निलंबन जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई से संदेश

भ्रष्टाचार के मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध हुई कार्रवाई को सरकार अपनी नीति का उदाहरण बता रही है। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आइएएस और पीसीएस अधिकारियों समेत कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक आइएएस अधिकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई हुई। इसके अलावा होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कदम उठाए गए।

1064 ऐप बना शिकायत का माध्यम

भ्रष्टाचार के खिलाफ आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए सतर्कता विभाग का 1064 ऐप भी महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है। इसके जरिए नागरिक रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों की जांच के बाद विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है।

सरकार का जोर विजिलेंस को संसाधन उपलब्ध कराने के साथ न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की है कि रिश्वत मांगने या पद का दुरुपयोग करने वाले अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ निर्भीक होकर शिकायत करें। सरकार का मानना है कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड की मुहिम में जनसहयोग भी उतना ही जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button