उत्तराखंडराजनीति

चुनावी जीत से आगे विचारधारा की लड़ाई लड़ने का राजनाथ ने दिया मंत्र

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सत्ता, सिद्धांत, संगठन और सुशासन का पाठ; बोले- अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव ही सरकार के कामकाज की असली कसौटी

हरिद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के मंच से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी के राजनीतिक दर्शन और चुनावी रणनीति का व्यापक खाका खींचा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानने की सीख देते हुए कहा कि सत्ता रहे या जाए, भाजपा अपने विचारों और सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी। पार्टी की पहचान केवल चुनावी जीत से नहीं, बल्कि देश और समाज में लाए गए बदलाव से बननी चाहिए।

रविवार को हरिद्वार में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को जीत के नौ मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज का आकलन योजनाओं और घोषणाओं की संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से होना चाहिए कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में कितना परिवर्तन आया है। उनका संदेश साफ था कि संगठन की ताकत तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आमजन तक पहुंचे।

राजनाथ ने सांसदों और विधायकों को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की नसीहत दी। उन्होंने सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न मानकर जनभावनाओं और फीडबैक को समझने का सशक्त मंच बताया। साथ ही कार्यकर्ताओं को राजनीतिक विरोध में मर्यादा बनाए रखने और व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आरोपों और भ्रम का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।

कांग्रेस को घेरा, लोकतंत्र और राजनीतिक मर्यादा का उठाया मुद्दा

रक्षा मंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए हैदराबाद की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान जनता स्वीकार नहीं करती और लोकतंत्र में सत्ता की चाबी हमेशा जनता के हाथ में रहती है। आपातकाल का जिक्र कर उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।

उत्तराखंड के बहाने सुशासन और पारदर्शिता का संदेश

प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर ‘पर्ची और खर्ची’ की व्यवस्था चलाने का आरोप लगाते हुए राजनाथ ने वर्तमान सरकार के कामकाज को पारदर्शिता से जोड़ा। उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को राज्य में सुशासन और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राजनाथ के संबोधन में जहां कार्यकर्ताओं के लिए चुनावी सफलता का संदेश था, वहीं संगठन को वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसंपर्क और राजनीतिक मर्यादा के आधार पर मजबूत करने की नसीहत भी। कुल मिलाकर उन्होंने भाजपा की चुनावी तैयारी को सरकार के कामकाज, संगठन की सक्रियता और विचारधारा की निरंतरता से जोड़ने का प्रयास किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button