उत्तराखंड

फिल्म शूटिंग का पसंदीदा ठिकाना बनाने की तैयारी, उत्तराखंड ने गोवा में पेश की अपनी दावेदारी

आइएफएफआइ के वेव्स फिल्म बाजार में फिल्म नीति और लोकेशन्स का प्रचार; पात्र फिल्मों को तीन करोड़ रुपये तक सब्सिडी, स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा अवसर

देहरादून। प्राकृतिक सौंदर्य, हिमालयी वादियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के दम पर उत्तराखंड राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के नक्शे पर अपनी पहचान मजबूत करने में जुटा है। गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आइएफएफआइ)-2026 के अंतर्गत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में रविवार को उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग स्थलों को लेकर विशेष चर्चा हुई। फिल्मकारों ने राज्य में शूटिंग के अनुभव साझा किए तो प्रदेश सरकार ने फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं और प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी।

‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड : व्हेयर नेचर मीट्स सिनेमैटिक मैजिक’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। अभिनेत्री शीना ने सत्र का संचालन किया।

चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों के लिए अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक सब्सिडी का प्रावधान है। सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल अनुमति प्रक्रिया से फिल्मकारों को शूटिंग में सुविधा दी जा रही है। उन्होंने मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार समेत गढ़वाल-कुमाऊं के विविध स्थलों की संभावनाएं भी बताईं।

आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण के लिए बेहतर माहौल है। वहीं राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग का अनुभव बताते हुए उत्तराखंड को अपना दूसरा घर बताया। उन्होंने कहा कि लोकेशन तलाशने के लिए वह 17 बार प्रदेश आए और स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ स्थानीय बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया। सत्र में इस बात पर जोर दिया गया कि फिल्म निर्माण बढ़ने से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार मिलने के साथ होटल, परिवहन, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को भी लाभ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button