उत्तराखंडधर्म संस्कृति

2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ उठाएंगी खेल मंत्री रेखा आर्या

10 अगस्त को हर की पैड़ी से वीरभद्र मंदिर तक 22 किमी की पैदल यात्रा, खिलाड़ियों और युवाओं से जुड़ने की अपील

देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत को दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को विशेष कांवड़ यात्रा निकालेंगी। उन्होंने सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी घोषणा की।

मंत्री आर्या ने बताया कि 22 किलोमीटर लंबी यह पैदल कांवड़ यात्रा हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी से शुरू होकर ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के समक्ष भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने और देश को खेलों के क्षेत्र में विश्व अग्रणी बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने के विजन को साकार करने की दिशा में यह यात्रा एक प्रतीकात्मक पहल है। उनका कहना था कि देवभूमि उत्तराखंड हमेशा राष्ट्रीय संकल्पों को ऊर्जा देने वाली भूमि रही है और यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल चेतना, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण की भावना का भी संगम होगी।

खेल मंत्री ने विश्वास जताया कि देवभूमि से उठने वाला यह संकल्प देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा में संत समाज का भी सानिध्य रहेगा। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज अलग-अलग चरणों में यात्रा में शामिल होंगे।

इसके अलावा प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे। मंत्री आर्या ने प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों, युवाओं और संत समाज से 10 अगस्त को आयोजित इस कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button