उत्तराखंड

गंगा की जैव विविधता बचाने के लिए छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने अमरापुर घाट से दिया संरक्षण का संदेश, बोले- जलीय संपदा पर्यावरणीय संतुलन का आधार

हरिद्वार। गंगा की जैव विविधता और प्राकृतिक मत्स्य संपदा को समृद्ध करने की दिशा में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीज गंगा में प्रवाहित किए। विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों की मछलियां केवल जलीय संसाधन नहीं, बल्कि पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनका संरक्षण पर्यावरण की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा भारत की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक होने के साथ समृद्ध जैव विविधता का भी आधार है। गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि इसमें रहने वाले जलीय जीवों और उनके प्राकृतिक आवासों का भी संरक्षण किया जाए। नदियों की मत्स्य संपदा का सुरक्षित रहना स्वस्थ जलीय पारिस्थितिकी तंत्र की पहचान है।

धामी ने कहा कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मछली संसाधनों को बढ़ावा देने की प्रभावी पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी को मजबूती मिलने के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

नदियों के संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से गंगा सहित प्रदेश की अन्य नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर ही सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button