दून में गांधी पार्क से घंटाघर तक गूंजा तिरंगे का जयघोष
हर घर तिरंगा यात्रा में सीएम धामी बोले- स्वतंत्रता दिवस पर हर घर फहराएं तिरंगा, राष्ट्रभक्ति की ज्वाला रखें प्रज्वलित

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस से पहले रविवार को दून की सड़कों पर देशभक्ति का रंग देखने को मिला। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
देवभूमि के कण-कण में बसी है राष्ट्रभक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी है और उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि के रूप में भी जाना जाता है।
ऑपरेशन सिंदूर का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया के सामने अपनी सामरिक क्षमता और शक्ति का परिचय दिया है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मिट्टी ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विकास के आंकड़े भी गिनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जीएसडीपी में पिछले एक वर्ष में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंचने की बात भी उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
देवभूमि के मूल स्वरूप से खिलवाड़ नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू किए जाने का उल्लेख किया। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल समेत भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


