उत्तराखंड

2047 तक विकसित भारत का पहला विकसित राज्य बनेगा उत्तराखंड: शाह

उत्तराखंड राज्योत्सव में गृह मंत्री अमित शाह ने गिनाईं केंद्र और धामी सरकार की उपलब्धियां, 2027 में भाजपा की जीत की हैट्रिक का किया आह्वान

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र बनेगा, तब देवभूमि उत्तराखंड देश का पहला विकसित राज्य होगा। उन्होंने दावा किया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य बनाया और प्रधानमंत्री मोदी ने इसे संवारने का काम किया है।

शुक्रवार को देहरादून के परेड मैदान में आयोजित राज्योत्सव  को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अलग राज्य के लिए दशकों तक संघर्ष किया और कई यातनाएं सहीं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नौ नवंबर 2000 को राज्य की स्थापना कर उनकी मांग पूरी की। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव को गौरव, सिद्धि और संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि वर्ष 2022 से अब तक उत्तराखंड की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। पर्यटन क्षेत्र में 380 प्रतिशत वृद्धि का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में मनीऑर्डर आधारित अर्थव्यवस्था की जगह औद्योगिक अर्थव्यवस्था विकसित की जा रही है।

उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। शाह के अनुसार, बिना किसी सिफारिश के राज्य में 35 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने यूसीसी लागू की और अब देश के 15 अन्य राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

सीमांत क्षेत्रों के विकास पर शाह ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें सीमा पर सड़कें बनाने से डरती थीं, जबकि मोदी सरकार ने सीमावर्ती गांवों को देश का पहला गांव मानकर विकास की योजनाएं शुरू कीं। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 270 करोड़ रुपये से 51 सीमांत गांवों में काम हो रहा है और वहां युवाओं की वापसी शुरू हुई है। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और रोपवे परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की यात्रा को ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ करार दिया। उन्होंने मतदाता सूची को घुसपैठियों से मुक्त करने का सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष तुष्टीकरण की राजनीति कर रहा है। साथ ही पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता से 2027 में 50 प्रतिशत वोट और 60 से अधिक सीटें दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाना चाहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button