विकासनगर (देहरादून): सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार देर शाम भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद रविवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों की भीड़ ने आरोपितों के घरों पर धावा बोलकर तोड़फोड़ और आगजनी की। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया, वहीं अनियंत्रित भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। फिलहाल पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील है।
मुख्य बिंदु
विवाद की वजह: खेत की सिंचाई के लिए गूल से पानी लेने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था।
मृतक की पहचान: विनोद कश्यप (पेशा: शिक्षक), भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक थे।
प्रशासनिक कार्रवाई: आरोपितों के दो घर और दो दुकानें बुलडोजर से ध्वस्त की गईं।
वर्तमान स्थिति: कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात; गांव में भारी तनाव।
सिंचाई के पानी को लेकर हुआ था विवाद, घर में घुसकर मारा
——-
पुलिस के अनुसार, बैरागीवाला निवासी भगवत प्रसाद का उनके पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय के लोगों के साथ खेत की सिंचाई के पानी को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार देर शाम करीब 30-35 लोग लाठी-डंडे, हथौड़े और बेलचे लेकर भगवत प्रसाद के घर में घुस गए।
हमलावरों ने परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान सिर पर हथौड़े का घातक वार लगने से शिक्षक विनोद कश्यप की मौत हो गई। हमले में विनोद के भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रविवार को फूटा गुस्सा: आगजनी, पथराव और लाठीचार्ज
रविवार को जैसे ही यह खबर फैली, क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपितों के घरों पर पथराव और आगजनी शुरू कर दी।
बुलडोजर एक्शन और पुलिस पर पथराव
तनाव बढ़ता देख एसडीएम विनोद कुमार, एसपी देहात पंकज गैरोला और स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान की मौजूदगी में प्रशासन ने आरोपितों के दो घरों और दो दुकानों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। हालांकि, भीड़ पूरा मकान तोड़ने की मांग पर अड़ गई और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा।
12 नामजद, 4 आरोपित गिरफ्तार; अंतिम संस्कार से इनकार
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 12 लोगों को नामजद करते हुए करीब 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक चार मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें रज्जाक,
सलमान, जावेद, शहबाज शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन का बयान
”मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दून पुलिस इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी आम जनता से अपील है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।” — प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी देहरादून



