उत्तराखंडशिक्षा

ढुंगीधार में डिजिटल स्क्रीन पर आकार ले रही पढ़ाई

स्मार्ट क्लास में तस्वीरों और वीडियो से सीख रहे 114 नौनिहाल, खेल-योग व रचनात्मक गतिविधियों में भी दिखा रहे प्रतिभा

टिहरी। कभी ब्लैकबोर्ड पर लिखे शब्दों तक सीमित रहने वाली पढ़ाई अब टिहरी के पीएमश्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार में डिजिटल स्क्रीन पर आकार ले रही है। स्मार्ट टीवी और डिजिटल बोर्ड के माध्यम से बच्चे कठिन विषयों को तस्वीरों, वीडियो और गतिविधियों के जरिए समझ रहे हैं। तकनीक के इस्तेमाल से कक्षा में पढ़ाई का अंदाज बदला है और बच्चों के लिए सीखना अधिक सहज व रोचक हुआ है।

विद्यालय में 59 बालिकाओं और 55 बालकों समेत कुल 114 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। छह शिक्षक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में जुटे हैं। तीन कक्षाओं में स्मार्ट टीवी की सुविधा है, जबकि डिजिटल बोर्ड से विषयों को दृश्य एवं गतिविधि आधारित तरीके से समझाया जाता है। गणित और विज्ञान जैसे विषयों को ‘जादू का पिटारा’ सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से खेल-खेल में सिखाया जाता है।

विद्यालय में छह कंप्यूटर और एक लैपटॉप भी उपलब्ध हैं। पुस्तकालय कॉर्नर के जरिए बच्चों में नियमित पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित की जा रही है। पढ़ाई के साथ योग, खेल, स्कूल बैंड और सांस्कृतिक गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित होती हैं। विद्यालय के आठ बच्चे राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं।

स्वच्छता में भी बनाई पहचान

विद्यालय ने स्वच्छता के क्षेत्र में भी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश स्तर पर स्वच्छता पुरस्कार मिलने के साथ जनपद स्तर पर दो बार सम्मानित किया जा चुका है। आरओ से शुद्ध पेयजल, अलग-अलग शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और फायर सेफ्टी उपकरण बच्चों को सुरक्षित व बेहतर वातावरण उपलब्ध करा रहे हैं।

हर माह अभिभावक बैठक में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और गतिविधियों पर चर्चा की जाती है। विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय में भी समय-समय पर चयन होता रहा है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला ने बताया कि बाला योजना के तहत विद्यालयों में पेंटिंग, सौंदर्यीकरण और बालानुकूल फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। प्रधानाचार्य मोर सिंह असवाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण देना है, जहां वे खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखार सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button