देहरादून। राजधानी में रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कालोनी में मंगलवार को महज 300 रुपये के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। प्लंबिंग का काम करने वाले युवक ने वृद्ध दंपती समेत तीन लोगों पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तीनों की मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतकों की पहचान ओएफडी से सेवानिवृत्त अधिकारी 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और पड़ोसी के घर काम करने वाली 45 वर्षीय शीला के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र निवासी राजकुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में देहरादून के इंद्रेश नगर क्षेत्र में रह रहा था।
काम के भुगतान को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार राजकुमार करीब दो वर्ष से रमेश कपूर के घर प्लंबिंग का काम कर रहा था। मंगलवार को भी वह काम के लिए घर पहुंचा था। दोपहर में काम के भुगतान को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद करीब 300 रुपये को लेकर था। विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने पास रखे पेचकस से रमेश कपूर पर हमला कर दिया।
रमेश को बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी रजनी कपूर भी हमले की चपेट में आ गईं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी के घर काम करने वाली शीला मौके पर पहुंची और दंपती को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि राजकुमार ने शीला पर भी पेचकस से कई वार कर दिए। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
भागते आरोपी को लोगों ने दबोचा
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पेचकस और सोने की चेन बरामद होने की जानकारी दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। घटना के प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

