उत्तराखंड

स्कूल-कालेजों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान, 22 नवंबर तक होंगी प्रतियोगिताएं

निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, तीन चरणों में चुने जाएंगे विजेता

देहरादून। युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रदेशभर के स्कूल-कालेजों में विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया 22 नवंबर तक पूरी की जाएगी।

प्रतियोगिताओं के लिए आयोग ने अलग-अलग विषय निर्धारित किए हैं। निबंध प्रतियोगिता में ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय रखे गए हैं। विद्यार्थी हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में निबंध लिख सकेंगे। विद्यालय स्तर पर निबंध की शब्द सीमा 500 से 800 और महाविद्यालय स्तर पर 800 से 1200 शब्द निर्धारित की गई है। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।

तीन चरणों में होगा प्रतिभाओं का चयन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, 17 और 18 नवंबर को संस्थानों में विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 19 और 20 नवंबर को जिला स्तर पर आयोजन किया जाएगा। 22 नवंबर तक जिलावार परिणाम घोषित होंगे।

पहले चरण में प्रत्येक प्रतियोगिता से दो-दो श्रेष्ठ छात्र-छात्राओं का चयन होगा। विधानसभा स्तर पर प्रत्येक क्षेत्र से शीर्ष 10 प्रतिभागी चुने जाएंगे। इसके बाद जिला स्तर पर अंतिम मुकाबला होगा, जिसमें प्रत्येक जिले से शीर्ष 10 विजेता घोषित किए जाएंगे। नोडल स्वीप प्रकाश चंद्र दुम्का ने सभी स्कूल-कालेजों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button