उत्तराखंड

केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की बौराड़ी स्टेडियम में एहतियाती लैंडिंग

मुंबई के छह यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित; तकनीकी खराबी की आशंका के बीच जांच के बाद गुप्तकाशी के लिए हुआ रवाना

टिहरी। सहस्रधारा से केदारनाथ जा रहे ट्रांस भारत कंपनी के हेलीकॉप्टर के शनिवार सुबह बौराड़ी स्टेडियम में उतरने से हलचल मच गई। हेलीकॉप्टर में मुंबई के छह यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और घटना में किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी की आशंका के चलते पायलट ने एहतियातन हेलीकॉप्टर को स्टेडियम में उतारने का निर्णय लिया।

पुलिस के अनुसार, सुबह हेलीकॉप्टर अचानक बौराड़ी स्टेडियम में उतरा। उस समय मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे, जबकि कई लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। हेलीकॉप्टर को तेजी से मैदान की ओर आते देख लोग सतर्क हो गए और सुरक्षित स्थान की ओर हटने लगे। लैंडिंग के दौरान धूल का गुबार उठने से आसपास अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शी परमानंद मैठाणी ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर तेजी से स्टेडियम की ओर आया। मैदान में बच्चों को खेलता देख लोगों ने उन्हें हटने के लिए सतर्क किया। हेलीकॉप्टर के उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

जांच के बाद गुप्तकाशी के लिए उड़ान

शुरुआत में घटना को आपातकालीन लैंडिंग माना गया, लेकिन पायलट ने इसे इमरजेंसी लैंडिंग के बजाय एहतियाती लैंडिंग बताया। हेलीकॉप्टर के उतरने के बाद उसकी जांच की गई। कुछ देर रुकने के बाद हेलीकॉप्टर छहों यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी के लिए रवाना हो गया। घटना के दौरान किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button