गढ़वाल

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 32 मकान आग की चपेट में

गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका, लकड़ी के मकानों के कारण तेजी से फैली लपटें; सीएम ने राहत-बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। एक आवासीय भवन में लगी आग देखते ही देखते गांव के 32 मकानों तक फैल गई। गांव में कुल 45 मकान हैं। आग की विकरालता के चलते ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

गांव के अधिकांश मकान लकड़ी से बने होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने और घरों से सामान निकालने में जुटे रहे। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां रवाना कर दी गईं। हालांकि, मोरी से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित पवाणी गांव तक पहुंचने में दुर्गम पहाड़ी रास्तों के कारण दमकल टीमों को समय लगने की आशंका है।

फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग से प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था बड़ी चुनौती बन गई है।

सीएम ने दिए राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निकांड पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही उनके लिए भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button