गढ़वाल

बर्नीगाड़ में 217 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ

मुख्यमंत्री धामी ने 38 विकास कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण, महाविद्यालय के स्थायी भवन और मिनी स्टेडियम सहित कई घोषणाएं

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और आठ का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करने के साथ क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 176.87 करोड़ रुपये के 18 कार्य भी शामिल हैं। वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य में तीन लाख दस हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। साथ ही, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार सुविधाएं मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button