उत्तराखंडराजनीति

चुनाव के समय ही क्यों याद आती हैं महिलाएं, हर माह मिले सम्मान निधि: गोदियाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बैणी-भुली योजना को लेकर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल, बोले- महिलाएं चुनावी गणित समझती हैं

देहरादून। बैणी-भुली योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने को लेकर प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार पर योजना के बहाने चुनावी लाभ लेने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि यदि सरकार महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर गंभीर है तो उन्हें हर महीने सम्मान निधि क्यों नहीं दी जाती।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सरकार को महिलाओं की याद आने लगी है। खातों में आर्थिक सहायता की राशि डालकर सरकार चुनावी लाभ लेने की उम्मीद कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं जागरूक हैं और सरकार के इस कदम के पीछे की राजनीतिक मंशा को अच्छी तरह समझती हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता देने की मांग उठाती रही है। इसके बावजूद सरकार नियमित सहायता देने के बजाय चुनाव के आसपास धनराशि देने की कवायद कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान का अर्थ केवल चुनाव के समय आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें लगातार आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है।

चुनावी गणित का हिस्सा बताया

गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार की योजना अभी 10 हजार रुपये देने और चुनाव के बाद फिर 10 हजार रुपये देने की है। उन्होंने इसे महिला कल्याण से अधिक चुनावी गणित का हिस्सा बताया। कहा कि प्रदेश की महिलाएं भाजपा की इस रणनीति को समझ रही हैं और विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button