उत्तरकाशी में बनेगा काशी विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर: धामी
सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, बोले मुख्यमंत्री-धार्मिक पर्यटन को सुविधाओं से जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को देंगे नई गति

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के धार्मिक और पर्यटन महत्व को नई पहचान देने के लिए काशी विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के विकसित होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सरकार धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। कॉरिडोर से होटल, होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पाद और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
विकसित उत्तराखंड के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख किया और विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम हो रहा है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने को उन्होंने प्रदेश में बढ़ती आस्था और पर्यटन गतिविधियों का संकेत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। धार्मिक पर्यटन के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं और कारोबारियों के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की पहल
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण का परीक्षण कराने और केंद्र का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की घोषणा की। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र भेजने की जानकारी भी दी। इसके अलावा डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल को मानचित्र पर निर्धारित कर इनके सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाने की बात कही।
काशी विश्वनाथ मंदिर में पीएम मोदी के नाम से पूजा
जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान विश्वनाथ और मां शक्ति से प्रदेश की प्रगति, सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।


