उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बनें युवा: धामी
हरियाणा से आए युवाओं ने साझा किए अनुभव, होम स्टे और पर्यटन विकास की सराहना

देहरादून। हरियाणा से तीन दिवसीय भ्रमण पर उत्तराखंड पहुंचे युवाओं के दल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। युवाओं ने प्रदेश में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार, होम स्टे, पर्यटन विकास, सौर ऊर्जा तथा सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार को सराहा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड की उपलब्धियों और अनुभवों को देशभर तक पहुंचाने में डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवाओं ने कहा कि कठिन पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड में सड़क, डिजिटल और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। होम स्टे योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। प्रदेश का स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर वायु गुणवत्ता और स्थानीय लोगों का आत्मीय व्यवहार भी उन्हें खासा प्रभावित कर गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ उत्तराखंड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। अंतरराज्यीय युवा भ्रमण कार्यक्रमों से युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और विकास के नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। पिछले करीब पांच वर्षों में 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स, हस्तशिल्प, पर्यटन और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की।


