उत्तराखंड

बाजपुर का एकलव्य विद्यालय बनेगा उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान

बाजपुर (ऊधमसिंहनगर)। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा, जिससे यह सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं व शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।

शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएं

ओराम ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला मूल्य है। इससे स्वास्थ्य, गरिमा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और गांवों में भी स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण और सतत विकास से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-कर्मचारी और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चार दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आए ओराम इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में भी शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button