उत्तराखंडशहरी विकास

अयोध्या में दिखेगी देवभूमि की परंपरागत झलक, 67 करोड़ की लागत से बनेगा अतिथि गृह, प्रदर्शित की जाएगी ओम पर्वत व कार्बेट पार्क होगी थीम

देहरादून। उत्तराखंड में विकास का दायरा अब सांस्कृतिक पहचान से लेकर युवा प्रतिभाओं को अवसर देने तक विस्तार पा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों में आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग दो अहम परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहा है। अयोध्याधाम में करीब 6783.33 लाख रुपये (67.83 करोड़) की लागत से उत्तराखंड का भव्य राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित है, वहीं रुद्रपुर के मोदी मैदान में 2332.05 लाख रुपये (23.32 करोड़) की संशोधित लागत से इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी है।

अयोध्या में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह को केवल ठहरने की सुविधा तक सीमित नहीं रखा जाएगा। भवन की डिजाइन में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली को प्रमुखता देने के साथ आंतरिक सज्जा में उत्तराखंड की संस्कृति और प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। अलग-अलग तल ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली जैसी थीम पर आधारित होंगे। मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाकर भवन को अतिथि गृह की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि परियोजनाओं में गुणवत्ता, उपयोगिता, लागत संतुलन और भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का अतिथि गृह देवभूमि की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, जबकि रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

रुद्रपुर में बनेगा खेलों का नया हब
मोदी मैदान में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की लागत को संशोधित कर 2374.56 लाख से घटाकर 2332.05 लाख रुपये किया गया है। इंडोर परिसर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन तथा आउटडोर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ, टॉयलेट व चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। लागत में संतुलन के लिए बाउंड्रीवाल की जगह लोहे की ग्रिल का प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button