उत्तरकाशी। जिले में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मोरी क्षेत्र में बोलेरो कैंपर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए। वहीं राणाचट्टी और स्यानाचट्टी के बीच पैर फिसलने से 50 मीटर गहरी खाई में गिरे वाहन चालक को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मोरी थाना क्षेत्र के उजली कन्याशनि में बोलेरो कैंपर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट मोरी की टीम हेड कांस्टेबल जयप्रकाश रमोला के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन में 12 लोग सवार थे और वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरा था। एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों की मदद से अभियान चलाकर 11 घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। एसडीआरएफ जवानों ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
दूसरी घटना में जानकीचट्टी क्षेत्र में राणाचट्टी और स्यानाचट्टी के बीच एक वाहन चालक पैर फिसलने के कारण करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना पर मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से घायल तक पहुंच बनाई। घायल की पहचान उपेंद्र (50) पुत्र रामबुल, निवासी मेरठ के रूप में हुई। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया।


