ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी और सहायिका पदों के लिए आवेदन 2 जनवरी से
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने साझा की जानकारी
देहरादून। प्रदेश के विभिन्न जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाडी और सहायिका के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 जनवरी से किया जा सकेगा। यह जानकारी देते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इसके लिए शासनादेश पहले ही जारी कर दिया गया था।
कैबिनेट मंत्री आर्या ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में मिनी आंगनबाड़ी केंद्रो का उच्चीकरण किया गया था, जिसके बाद वहां नये पद बन गये थे। इन पदों पर नियुक्ति के लिए नियमावली में बदलाव करना जरूरी था। उन्होंने बताया कि पिछली कैबिनेट में आंगनबाड़ी भर्ती नियमावली में संशोधन किया गया था, जिससे इन पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद विभाग ने भर्ती लिए 18 दिसम्बर और 23 दिसम्बर को शासनादेश जारी कर दिए थे। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गये हैं। ऑनलाइन आवेदन 2 जनवरी सुबह 10 बजे से 31 जनवरी की शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।
यहां मिलेगा आवेदन लिंक
वेबसाइट :- www.wecd.uk.gov.in
पोर्टल :- www.wecduk.in
ये हैं नियम व शर्तें
– सिर्फ महिलाएं ही कर सकती है आवेदन
– ये रिक्तियां सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में हैं और इसके लिए गांव की स्थाई / मूल निवासी होना अनिवार्य
– आरक्षणवार पदों की विस्तृत सूचना संबंधित उपजिलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय से ली जा सकती है।
– आवेदनकर्ता एक ही पद के लिए आवेदन कर सकती हैं
– अधिक जानकारी के लिए निकटतम बाल विकास परियोजना कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है