उत्तराखंड में भूकंप से डोली धरती, चमोली में रहा केंद्र
मंगलवार रात 10:23 बजे महसूस हुए 4.9 तीव्रता के झटके; दिल्ली-एनसीआर से हिमाचल, पंजाब और हरियाणा तक कांपी धरती

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार रात भूकंप के झटकों से धरती डोल उठी। रात करीब 10:23 बजे आए भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई। इसका केंद्र चमोली जिले में गरुड़ के आसपास बताया गया है और भूकंप करीब 13 किलोमीटर की गहराई में आया। तेज कंपन महसूस होते ही देहरादून समेत कई क्षेत्रों में लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप से किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के झटके उत्तराखंड के कई हिस्सों में महसूस किए गए। देहरादून में अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए। कई स्थानों पर लोग एहतियातन खुले स्थानों की ओर निकल गए। कुछ देर तक लोगों में दोबारा झटके आने की आशंका को लेकर दहशत बनी रही।
भूकंप का असर उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा। दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और गुरुग्राम के अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी लोगों ने कंपन महसूस की। कई क्षेत्रों में लोगों ने कुछ सेकंड तक धरती हिलने की जानकारी दी।



