उत्तराखंड
हाईवे पर अचानक आया हाथी, मची अफरा-तफरी
श्यामपुर में जंगल से निकलकर सड़क पर आया गजराज, कार को नुकसान पहुंचाने का प्रयास; शोर मचने पर जंगल की ओर भागा

हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को उस समय वाहन चालकों की सांसें थम गईं, जब श्यामपुर क्षेत्र में जंगल से निकला एक हाथी अचानक हाईवे पर पहुंच गया और सामने खड़ी कार (थार) पर हमला कर दिया। हाथी ने वाहन को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हाथी को पीछे हटने पर मजबूर किया। लोगों की हलचल बढ़ते ही हाथी हाईवे पार कर जंगल की ओर चला गया।
हाथी के अचानक हाईवे पर आने और वाहनों की ओर झपटने से कुछ देर तक मौके पर दहशत का माहौल रहा। वाहन चालक भी जहां-तहां रुक गए। गनीमत रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। श्यामपुर क्षेत्र में जंगल से हाथियों के आबादी और हाईवे की ओर आने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।



