कुमाऊँ

पवाणी अग्निकांड: प्रभावित परिवारों के लिए गांव में बनाया सामुदायिक किचन, मंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण

आपदा मंत्री मदन कौशिक ने लिया राहत कार्यों का जायजा, अस्थायी हेलीपैड तैयार; भोजन, आवास और जरूरी सामान उपलब्ध कराने के निर्देश

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, सुरक्षित आश्रय और अन्य जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता से संचालित किए जा रहे हैं। मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। जिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, पशुपालन और पूर्ति विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं।

प्राथमिक विद्यालय में बनेगा राहत केंद्र

दुर्गम क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाने और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी हेलीपैड तैयार किया है। प्रभावित परिवारों के लिए गांव में सामुदायिक किचन शुरू किया गया है, जहां भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को राहत सामग्री रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावितों के आश्रय स्थल के रूप में इस्तेमाल करने की व्यवस्था की जा रही है। पेयजल और विद्युत आपूर्ति भी सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कंबल, टेंट से लेकर खाद्य सामग्री तक पहुंचाई

प्रभावित परिवारों को कंबल, जैकेट, टेंट, बर्तन, गैस चूल्हे, गद्दे, बेडशीट, तकिये, टॉर्च और हाइजीन किट सहित जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा तहसील प्रशासन की ओर से चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, मसाले, नमक, आलू और अन्य खाद्य सामग्री के साथ तिरपाल की व्यवस्था भी की गई है।

जरूरत के अनुसार बढ़ाई जाएगी सहायता

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन कर अतिरिक्त सामग्री और संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि संबंधित विभागों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इस दौरान आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रुहेला भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button