देहरादून। त्योहारों के मौसम को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने मिलावटखोरी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। सभी जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि मंडलायुक्तों को इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच की।
चमोली में तीन सैंपल, दो दुकानदारों को नोटिस
चमोली जिले में तीन खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया और संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई। दो कंपनियों की सामग्री की लेबलिंग और पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। संबंधित निर्माताओं को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। छह दुकानों में एक्सपायरी डेट का सामान मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामग्री नष्ट कराई गई।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कार्रवाई
अल्मोड़ा में मिठाइयों के दो सैंपल लिए गए। बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन नमूने लिए गए, जबकि पिथौरागढ़ में दो सैंपल लिए जाने की सूचना है। चंपावत में अभियान एक अगस्त से जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें 10 स्थानों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि सर्वे के लिए तीन सैंपल लिए गए हैं।
देहरादून में 11 नमूने, 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
देहरादून में सोमवार को 11 खाद्य नमूने एकत्र किए गए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार की चेतावनी दी गई। जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 सैंपल लिए जा चुके हैं। सर्वे के लिए 20 अतिरिक्त नमूने लिए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों की जांच
हरिद्वार में 17 अगस्त से अभियान जारी है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 सैंपल लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि विभिन्न न्यायालयों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
पौड़ी और नैनीताल में भी सैंपलिंग
पौड़ी में सोमवार को 10 सैंपल लिए गए, जिनमें से छह जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। धारा 36 के तहत एक वाद स्वीकृत किया गया है। नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल जांच के लिए भेजे गए। एक सैंपल सर्वे के लिए लिया गया। एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिलने पर नोटिस दिया गया, जबकि मानकों के अनुरूप न मिलने वाली 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
टिहरी और उत्तरकाशी में भी अभियान जारी
टिहरी में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। उत्तरकाशी में 15 स्थानों पर निरीक्षण किया गया और चार नमूने लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के एक मामले में नोटिस जारी किया गया।
सरकार ने जिलों में चल रहे इस अभियान के जरिए त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभियान की प्रगति पर मंडलायुक्तों के स्तर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।



