आपदा प्रबंधनउत्तराखंड

चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन और जलभराव, 16 श्रमिक सुरक्षित निकाले गए

गोपेश्वर। चमोली जिले की तहसील चमोली के अंतर्गत पीपलकोटी के मायापुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम निर्माणाधीन टनल में पानी का रिसाव और भूस्खलन होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय टनल के भीतर काम कर रहे करीब 22 कर्मचारी फंस गए। घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एवं बचाव दलों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

16 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से रात 9 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट (ए.टी.आर.-02) के अनुसार, राहत एवं बचाव टीमों ने अब तक 22 फंसे कर्मचारियों में से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। सभी सुरक्षित निकाले गए श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के लिए विवेकानंद चिकित्सालय, पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है।
टनल में फंसे शेष कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक मशीनरी और मानवबल लगाया गया है।

डीएम की निगरानी में चल रहा रेस्क्यू अभियान
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चमोली स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं। और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन की विभिन्न टीमें आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।

मौके पर तैनात बल में स्थानीय पुलिस और थाने के 22 जवान, CISF के 25 जवान, NDRF के 27 जवान, SDRF के 42 जवान, DDMA के 4 सदस्य तथा फायर सर्विस के 9 जवान शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल टीम के साथ HCC कंपनी की भारी मशीनरी और मानवबल भी बचाव कार्य में लगाया गया है।

सेना, ITBP और अतिरिक्त राहत टीमें रवाना
रेस्क्यू अभियान को और तेज करने के लिए भारतीय सेना, ITBP, NDRF और SDRF की अतिरिक्त टीमों को गौचर और जोशीमठ से घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। बचाव दल टनल के भीतर फंसे शेष कर्मचारियों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

सरकार, शासन स्तर पर लगातार ली जा रही जानकारी
हादसे को लेकर सरकार, शासन स्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री, राज्यपाल सचिवालय, गृह मंत्रालय और आपदा प्रबंधन विभाग को घटनाक्रम की लगातार जानकारी दी जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button