उत्तराखंडवित्त एवं राजस्व

बैंकिंग सुरक्षा को और पुख्ता करने पर जोर

राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की 21वीं बैठक में करेंसी चेस्ट, नकदी परिवहन और जाली नोट से जुड़े मामलों पर हुई चर्चा

देहरादून। बैंकिंग व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ ही करेंसी चेस्ट और नकदी के आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। शुक्रवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति (एसएलएससी) की 21वीं बैठक हुई। गृह सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैंकिंग सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से मंथन किया गया।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ), कानपुर की ओर से आयोजित बैठक में राज्य प्रशासन, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों, करेंसी चेस्ट संचालित करने वाले बैंकों और प्रदेश में व्यापक शाखा नेटवर्क वाले अन्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। आरबीआइ कानपुर, देहरादून और केंद्रीय कार्यालय मुंबई के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में बैंकिंग संस्थानों के सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों के साथ करेंसी चेस्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। जाली भारतीय मुद्रा नोट से जुड़े मामलों और नकदी के सुरक्षित परिवहन के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया।

समन्वय और सूचना साझा करने पर जोर

बैठक में कहा गया कि राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति बैंकों, सुरक्षा सेवा प्रदाताओं और बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने वाले संस्थानों के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण मंच है। बैंकिंग ढांचे की सुरक्षा से जुड़े मामलों में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

सभी हितधारकों ने बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट और नकदी परिवहन की सुरक्षा मजबूत करने के लिए निरंतर समन्वय, समय पर सूचना साझा करने और आपसी सहयोग को आवश्यक बताया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी संबंधित संस्थानों के बीच नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button