देहरादून। हरिद्वार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है। कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। खास बात यह है कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हरिद्वार स्थित मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों के उपयोग से की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में हुई निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में दी गई है। इससे हरिद्वार और आसपास के क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही अस्पताल के मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच समन्वय मजबूत होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए अवसर विकसित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से प्रदेश के युवाओं को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए एक और संस्थान मिलेगा। इसके साथ ही प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने में भी यह पहल उपयोगी साबित होगी।
मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे के इस्तेमाल से कॉलेज की शुरुआत होने के कारण उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।



