वर्ल्डस्किल्स में उत्तराखंड के दो युवाओं ने जीते रजत पदक
शंघाई में देश का प्रतिनिधित्व कर सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने बढ़ाया प्रदेश का मान

देहरादून। चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए रजत पदक हासिल किए। 22 से 27 सितंबर तक हुई प्रतियोगिता में उत्तरकाशी की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ वोहरा ने औद्योगिक डिजाइन तकनीकी कौशल में रजत पदक जीता।
दोनों युवाओं की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रतिष्ठित कौशल मंच पर प्रदेश के युवाओं का पदक जीतना गौरव की बात है। यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी।
उत्तराखंड कौशल विकास समिति के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक जैसा प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। इस वर्ष करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में प्रतिभाग किया। भारत ने आठ रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर 10वां स्थान प्राप्त किया, जो प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है।
सानिया और पार्थ ने इंडियास्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वर्ल्डस्किल्स में जगह बनाई। दोनों को उत्तराखंड कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और उत्तराखंड कौशल विकास समिति ने प्रशिक्षण, बूट कैंप, यात्रा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में सहयोग दिया।
