रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के अंतर्गत भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर कार के खाई में गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। यह कार उथिंड गांव की ओर जा रही थी। दुर्घटनाग्रस्त कर सड़क से नीचे खाई में गिरकर एक पेड़ पर अटक गई।
दुर्घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलेरियो कार बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग-उथिंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ तथा डीडीआरएफ की बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
दुर्घटना में महेंद्र सिंह (68 वर्ष), अंजन सिंह (42 वर्ष) तथा संगीता देवी (32 वर्ष) की मृत्यु हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों में रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) तथा वैभव (10 वर्ष) शामिल हैं। सभी लोग उथिंड गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा दुर्घटना में मृत तीनो व्यक्तियों के शव कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भेज दिए गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्तयमुनि भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



