सिलक्यारा सुरंग बनाने वाली एनएचआइडीसीएल को धामी सरकार ने पैनल से हटाया
पांच जिलों में पार्किंग परियोजनाओं में नहीं दिखाई रुचि, बजट मिलने के बाद भी लंबे समय तक शुरू नहीं किए काम; कैबिनेट ने लिया निर्णय

देहरादून। निर्माण कार्यों में ढिलाई और तय परियोजनाओं को लेकर उदासीनता अब कार्यदायी संस्थाओं पर भारी पड़ने लगी है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचआइडीसीएल) को सरकारी निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से बाहर कर दिया है। पांच जिलों में आधुनिक पार्किंग परियोजनाओं का जिम्मा मिलने के बावजूद कंपनी की ओर से अपेक्षित रुचि नहीं दिखाने और धनराशि जारी होने के बाद भी लंबे समय तक काम शुरू नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
दरअसल, एनएचआइडीसीएल को प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों के निर्माण कार्य कराने के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। आवास विभाग ने भी पांच जिलों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का जिम्मा कंपनी को सौंपा था। इन परियोजनाओं के लिए धनराशि भी जारी की गई, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़े। लंबे समय तक काम शुरू नहीं होने के कारण शासन ने कंपनी को पैनल से हटाने का प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखा। सरकार के इस फैसले से निर्माण कार्यों में देरी और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही का मुद्दा भी सामने आया है।
सिलक्यारा सुरंग परियोजना से भी जुड़ी है कंपनी
एनएचआइडीसीएल को पैनल से हटाने का निर्णय इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि कंपनी प्रदेश की महत्वाकांक्षी सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग परियोजना की कार्यान्वयन एजेंसी है। उत्तरकाशी में 4.531 किलोमीटर लंबी इस दो लेन की सुरंग और एस्केप पैसेज की परियोजना लागत 1383.78 करोड़ रुपये है। इसका निर्माण नवयुग इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड कर रही है।
नवंबर 2023 में निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 श्रमिक भीतर फंस गए थे। 17 दिन तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस घटना ने सुरंग निर्माण में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे।
प्रदेश में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़ी रही कंपनी
एनएचआइडीसीएल प्रदेश में केवल सिलक्यारा सुरंग ही नहीं, बल्कि सड़क और भूस्खलन उपचार से जुड़े कई कार्यों में भी शामिल रही है। चमोली में बदरीनाथ हाईवे के लमेरी से जोशीमठ क्षेत्र के संवेदनशील हिस्सों में भूस्खलन और भू-धंसाव के उपचार के लिए तीन पैकेजों में काम प्रस्तावित हैं। एनएच-7 के भनेरपानी क्षेत्र में पांच भूस्खलन और पांच भू-धंसाव प्रभावित स्थानों के उपचार तथा धरासू-गंगोत्री कॉरिडोर के चंगी-बरेठी क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य भी कंपनी से जुड़े हैं। इसके अलावा रुद्रप्रयाग-जोशीमठ मार्ग पर लमेरी-कर्णप्रयाग, कर्णप्रयाग-चमोली और चमोली-पैनी सड़क उन्नयन के कार्य भी कंपनी ने किए हैं।



