उत्तराखंडएक्सीडेंट

कालसी में खाई में गिरी बोलेरो, मासूम समेत दो की मौत; पांच घायल

धमोग मंदिर के पास हुआ हादसा, 15 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी; पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

विकासनगर। हरिपुर-कोटी मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, बोलेरो कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास पहुंची ही थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नीरज कठैत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।

पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद पांच घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया गया। हादसे में नेपाल के अछाम जिले के निवासी नरबहादुर (52) और दो वर्षीय राधिका की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में बोलेरो चालक चमन लाल (45), डम्मल (32), उनकी पत्नी उर्मिला (30), 14 वर्षीय नीशा और पांच वर्षीय प्रदीप घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए विकासनगर मोर्चरी भेज दिए गए हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाल के रहने वाले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button