हरिद्वार में 21 किमी ट्रैक पर दौड़ेंगी पॉड टैक्सी, बनेंगे 21 स्टेशन
‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना से जुड़ेंगे प्रमुख धार्मिक और व्यावसायिक स्थल, सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा 15.58 किमी का सबसे लंबा कॉरिडोर

देहरादून। धर्मनगरी हरिद्वार में जाम की समस्या से निजात दिलाने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प विकसित किया जाएगा। धर्मनगरी में 21.08 किलोमीटर लंबा पॉड टैक्सी नेटवर्क बिछाने की तैयारी है। ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम से प्रस्तावित इस पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) के तहत तीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे और इनके माध्यम से शहर के प्रमुख क्षेत्रों को 21 स्टेशनों से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में परियोजना के निर्माण के संबंध में निर्णय लिया गया।
परियोजना का उद्देश्य हरिद्वार के व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के साथ ही धार्मिक स्थलों, अस्पतालों और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान बनाना है। पॉड टैक्सी निर्धारित ट्रैक पर संचालित होगी। इस कारण इसे सड़क यातायात से अलग परिवहन विकल्प के रूप में विकसित किया जाएगा। कुंभ, कांवड़ यात्रा और प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान शहर में बढ़ने वाली यातायात की चुनौती को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीन कॉरिडोर, 21 स्टेशन
प्रस्तावित नेटवर्क में सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक होगा। इसकी लंबाई 15.58 किलोमीटर होगी और इस पर 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें चार स्टेशन बनाए जाएंगे। तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर का होगा। इस पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी।
करीब सात हेक्टेयर भूमि की जरूरत
परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता आंकी गई है। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। निर्माण सामग्री और मशीनरी रखने सहित अन्य कार्यों के लिए पांच वर्ष तक दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि भी चाहिए होगी। इसके लिए सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप भूमि चिह्नित की गई है।
परियोजना के निर्माण, लागत और संचालन शुरू होने की समयसीमा को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। इसके धरातल पर उतरने से हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।



