देहरादून। राजधानी के तिब्बती मार्केट के पास मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे तब सनसनी फैल गई, जब वहां एक युवक को सरे बाजार गोली मार दी गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना पर कोतवाली डालनवाला से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा तथा घायल व्यक्ति को उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरो द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। मृतक व्यक्ति की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी। पुलिस के मुताबिक घटना की प्रारंभिक जांच में मृतक के बारे मे जानकारी की गई तो मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर पारिवारिक विवाद होना तथा उक्त विवाद के चलते उनकी माता द्वारा नयायालय से अपने बेटे (मृतक) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्राप्त किया जाना प्रकाश में आया है।
पुलिस ने बताया कि स्कूटी सवार दो व्यक्तियों द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, साथ ही संपूर्ण जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटना के अनावरण हेतु सभी तथ्यों पर पुलिस द्वारा गहन जांच की रही है।



