उत्तराखंड

केदारताल में आठ लापता ट्रेकर्स की तलाश तेज, बचाव अभियान में उतरी निम की टीम

हेलीकॉप्टर से सर्च टीम को दुर्गम क्षेत्र में उतारा गया, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान भी जुटे; भारी बर्फबारी और खराब मौसम बनी चुनौती

उत्तरकाशी। गंगोत्री क्षेत्र के दुर्गम केदारताल में भारी बर्फबारी के बीच लापता आठ ट्रेकर्स की तलाश के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हो गई। हेलीकॉप्टर के माध्यम से टीम को घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में उतारा गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक लापता ट्रेकर्स का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

केदारताल क्षेत्र में लगातार खराब मौसम और भारी बर्फ जमने के कारण बचाव दल को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और बर्फ से ढके इलाके में तलाशी अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन इससे पहले भी हेलीकॉप्टर के जरिए दो बार हवाई रेकी करा चुका है, लेकिन दोनों प्रयासों में लापता लोगों की लोकेशन नहीं मिल सकी।

जमीनी स्तर पर भी तलाश जारी है। एसडीआरएफ के पांच जवान भोज खड़क क्षेत्र में खोजबीन कर चुके हैं, जबकि एनडीआरएफ की दस सदस्यीय टीम को भी अभियान में लगाया गया है। अब निम के पर्वतारोहण और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में अभियान चलाने के अनुभव से तलाश को गति मिलने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के अनुसार, लापता ट्रेकिंग दल में पश्चिम बंगाल के पांच, उत्तर प्रदेश के दो और उत्तराखंड का एक सदस्य शामिल है। दल के साथ गए चार पोर्टर सुरक्षित गंगोत्री पहुंच चुके हैं। आठ ट्रेकर्स के अब तक लापता रहने से उनके परिजन चिंतित हैं। प्रशासन और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button