कुमाऊँ

हल्द्वानी में भूजल स्तर सुधारने की पहल, 27 स्थानों पर बनेंगे रिचार्ज शाफ्ट

हर साल करीब पांच फीट नीचे खिसक रहा जलस्तर, छह जगह निर्माण पूरा; पार्कों और सरकारी परिसरों में भी होंगे तैयार

हल्द्वानी। शहर में तेजी से गिरते भूजल स्तर को थामने और वर्षा जल का अधिकतम उपयोग करने के लिए उत्तराखंड शहरी विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) ने पहल शुरू की है। इसके तहत हल्द्वानी में 27 स्थानों पर रिचार्ज शाफ्ट बनाए जाएंगे। इनमें से छह स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष जगहों पर भी जल्द काम पूरा करने की तैयारी है। विभागीय जानकारी के अनुसार, शहर में भूजल स्तर हर साल करीब पांच फीट नीचे खिसक रहा है।

दरअसल, हल्द्वानी की पेयजल जरूरतों का बड़ा हिस्सा ट्यूबवेल के माध्यम से पूरा होता है। आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के साथ भूजल की मांग भी लगातार बढ़ रही है। दूसरी ओर, तेजी से हो रहे शहरीकरण ने वर्षा जल के जमीन में समाने की प्राकृतिक प्रक्रिया को प्रभावित किया है। सड़क, भवन और पार्किंग के निर्माण से खुले क्षेत्र घट रहे हैं। ऐसे में बारिश का पानी जमीन में पहुंचने के बजाय नालों के जरिये बहकर निकल जाता है।

पार्कों और सरकारी परिसरों में बनेंगे शाफ्ट

यूयूएसडीए की योजना के तहत उन स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां बारिश का पानी अधिक मात्रा में एकत्र होता है। पार्कों, सरकारी परिसरों, स्कूलों, सड़कों के किनारे और खाली जमीन पर रिचार्ज शाफ्ट बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्थान की मिट्टी की प्रकृति, भौगोलिक स्थिति और जल प्रवाह के आधार पर शाफ्ट की गहराई और क्षमता तय होगी।

यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि शहर में रिचार्ज शाफ्ट का निर्माण शुरू कर दिया गया है। छह स्थानों पर काम पूरा हो चुका है और बाकी स्थानों पर भी जल्द निर्माण पूरा कराया जाएगा।

क्या है रिचार्ज शाफ्ट?

रिचार्ज शाफ्ट जमीन के भीतर बनाया जाने वाला ढांचा है, जिसके माध्यम से बारिश का पानी छनकर जमीन की गहरी परतों तक पहुंचाया जाता है। छतों और अन्य सतहों से एकत्र पानी पाइप के जरिये शाफ्ट तक लाया जाता है। यहां फिल्टर की मदद से मिट्टी, पत्तियां और कचरा अलग किया जाता है। इसके बाद साफ पानी जमीन में समाकर भूजल भंडार को पुनर्भरित करने में मदद करता है।

हालांकि, योजना की सफलता के लिए शाफ्ट की नियमित सफाई और रखरखाव भी जरूरी होगा। फिल्टर में कचरा जमा होने या जल प्रवाह बाधित होने पर भूजल पुनर्भरण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button