मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजस्व सचिव को पौड़ी में कैंप करने के दिए निर्देश
जंगली जानवरों के खतरे से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ करेंगे मंथन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जनपद में वन्यजीवों के हमलों की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए सचिव एसएन पांडेय को पौड़ी में कैंप करते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर वन्य जीवों से आम लोगों के बचाव की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक में हाल के दिनों में प्रदेश के भीतर वन्यजीवों के हमले में आम लोगों के मारे जाने या घायल होने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने विशेषकर पौड़ी जनपद की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए सचिव राजस्व और सचिव मुख्यमंत्री एसएन पांडेय को पौड़ी पहुंच दो दिन तक कैंप करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सचिव राजस्व को निर्देश दिए कि जिला प्रशासन, वन अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ विचार- विमर्श कर, वन्य जीवों के हमलों से बचाव की रणनीति तय की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार वन्यजीवों से आम लोगों को सुरक्षित रखने के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि इस काम में विशेषज्ञों की राय ली जाए। साथ ही लोगों को जागरुक भी किया जाए। उन्होंने वन्यजीवों के हमलों में मारे गए लोगों के स्वजन को तत्काल राहत राशि विवरण के साथ ही घायलों का भी समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।


