उत्तराखंड

नौ निकायों में बने देवभूमि रजत जयंती पार्क जनता को समर्पित

ऋषिकेश में मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण; देहरादून जिले की 36 करोड़ से अधिक की सात योजनाओं का किया शुभारंभ और शिलान्यास

देहरादून। शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चंद्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में चार जिलों के नौ नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही देहरादून जिले में 36 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सात विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती पर सरकार ने विकास कार्यों के माध्यम से राज्य निर्माण की स्मृतियों को स्थायी रूप देने का संकल्प लिया था। इसी के तहत शहरी क्षेत्रों में रजत जयंती पार्क विकसित किए गए हैं। पहले जिन स्थानों पर कूड़े के ढेर और झाड़ियां थीं, अब वहां हरियाली और नागरिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थल तैयार किए जा रहे हैं। इन पार्कों में बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और युवाओं के योग-व्यायाम की सुविधा होगी। इनमें स्थानीय संस्कृति और वनस्पतियों की झलक भी दिखाई देगी।

स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है। चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था से 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक वापस एकत्र किया गया है। वहीं, 107 नगर निकायों के लिए करीब 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि अमृत योजना के तहत पेयजल और सीवरेज सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं और 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं। शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 114 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं।

कुंभ-2027 के लिए हरिद्वार में डिजिटल निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी कुंभ-2027 को देखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। नगर निकायों की सेवाओं को भी ऑनलाइन किया जा रहा है, ताकि लोगों को छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगमों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से भी आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों में जनभागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ और आधुनिक शहरों का निर्माण सरकार के साथ नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button