शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, मुखवा रवाना हुई मां गंगा की डोली
अन्नकूट पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोपहर 12:05 बजे हुई कपाटबंदी; भैयादूज पर मुखवा पहुंचेगी उत्सव डोली, छह माह तक वहीं होंगे दर्शन

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर निर्धारित मुहूर्त में कपाटबंदी की प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली ढोल-दमाऊं की थाप, सेना बैंड की धुन और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखवा स्थित गंगा मंदिर में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
कपाटबंदी की धार्मिक प्रक्रिया मंगलवार तड़के चार बजे से मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे विधि-विधान के तहत कपाट बंद करने की तैयारियां शुरू की गईं। परंपरा के अनुसार मां गंगा की पौराणिक स्वयंभू मूर्ति से मुकुट सहित अन्य कलेवर उतारे गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पाषाण मूर्ति के निर्वाण दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कपाट बंद होने से पहले धाम में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि निर्धारित मुहूर्त में कपाट बंद करने के बाद मां गंगा की उत्सव प्रतिमा को डोली में विराजमान कर मुखवा के लिए रवाना किया गया। तीर्थ पुरोहितों की अगुआई में निकली डोली यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। डोली मंगलवार रात मार्कंडेय पुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी।
बुधवार को भैयादूज पर सोमेश्वर देवता की अगवानी में डोली मुखवा पहुंचेगी। यहां उत्सव प्रतिमा को गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
आज बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट
गंगोत्री के बाद बुधवार को भैयादूज पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। निर्धारित मुहूर्त के अनुसार सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर कपाटबंदी होगी। मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से शनि देव की डोली अपनी बहन को लेने यमुनोत्री धाम पहुंचेगी। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव प्रतिमा खरसाली स्थित यमुना मंदिर लाई जाएगी। अगले छह माह तक श्रद्धालु यहीं मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।


