गुरुकुल कांगड़ी से युवाओं को सीएम धामी का मंत्र, बोले- नौकरी नहीं, नेतृत्व और नवाचार की सोच अपनाएं
युवा संवाद में बोले मुख्यमंत्री- विकसित भारत का सपना युवा शक्ति के दम पर होगा साकार, स्वरोजगार के लिए बैंकिंग प्रक्रिया भी होगी आसान

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा आत्मनिर्भर, नवाचारी और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्टार्टअप और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार भी इसी सोच के साथ युवाओं को हरसंभव सहयोग दे रही है।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल उच्च शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, भारतीय संस्कृति और संस्कारों की पाठशाला है। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं और देश निर्माण में योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार स्वरोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास, हाउस ऑफ हिमालय, नई पर्यटन नीति और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण लेने में आने वाली समस्याओं के समाधान हेतु विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जिससे ऋण प्रक्रिया सरल और तेज हो सके।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में कमी आई है और युवा सरकार पर भरोसा जता रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और ऊर्जा का उपयोग केवल अपने भविष्य के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड और देश के विकास के लिए भी करें। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

